छत्तीसगढ़ ब्रेकिंग: राइफल साफ करते वक्त हुआ खौफनाक हादसा, 2 गोलियां चलीं और चली गई जवान की जान
दंतेवाड़ा। जिले के बचेली स्थित CISF कैंप में सर्विस राइफल की सफाई के दौरान अचानक दो राउंड फायर हो गए। गोली लगने से CISF के प्रधान आरक्षक दत्तात्राया गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अपोलो अस्पताल बचेली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रधान आरक्षक दत्तात्राया (50) बचेली CISF कैंप के 10-11 ए कैंप के पोटाकेबिन क्रमांक-3 में तैनात थे। वे अपनी AK-47 राइफल, बट नंबर 405, की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक राइफल से दो राउंड फायर हो गए। गोली सीने में लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें तत्काल अपोलो अस्पताल, NMDC बचेली ले जाया गया, लेकिन इलाज से पहले ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मर्च्यूरी में रखा गया शव
घटना के बाद प्रधान आरक्षक का शव अपोलो अस्पताल, NMDC बचेली की मर्च्यूरी में रखा गया। कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दंतेवाड़ा जिला अस्पताल भेजा गया है।
महाराष्ट्र के रहने वाले थे जवान
मृतक प्रधान आरक्षक दत्तात्राया महाराष्ट्र के अहिल्यानगर के रहने वाले थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन भी बचेली पहुंच गए।
FSL और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कारण
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल राइफल से अचानक फायर होने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार, FSL की घटना स्थल जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना की स्थिति और स्पष्ट होगी।
मामले की जांच जारी है।

