रायपुर में हनीट्रैप का मामला उजागर, ब्लैकमेल कर 2.17 लाख रुपए वसूलने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार
रायपुर।राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में हनीट्रैप का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने एक व्यक्ति की शिकायत पर दो महिलाओं के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों महिलाओं ने दोस्ती का फायदा उठाकर पीड़ित को अपने जाल में फंसाया और छह महीने तक ब्लैकमेल कर उससे 2 लाख 17 हजार रुपए वसूल लिए।
पुलिस के अनुसार, बीरगांव गांधी नगर निवासी दुलीचंद कुम्हार (54) की पहचान अशोक नगर श्मशान घाट के पास रहने वाली मांगेश्वरी सिंह उर्फ जोगेश्वरी उर्फ रिंकी से थी। शिकायत के मुताबिक, 6 जनवरी को महिला ने पीड़ित को अपने घर बुलाया, जहां पहले से एक अन्य महिला मौजूद थी।
आरोप है कि दोनों महिलाओं ने पीड़ित को शराब में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया, जिससे वह बेहोश हो गया। होश आने पर उसने खुद को आपत्तिजनक स्थिति में पाया। इसके बाद आरोपी महिलाओं ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाकर उन्हें सोशल मीडिया, पत्नी, बेटे और रिश्तेदारों को भेजने की धमकी दी।
सामाजिक बदनामी के डर से पीड़ित ने 8 जनवरी को पहली बार 50 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद लगातार ब्लैकमेल कर छह महीने के दौरान उससे कुल 2 लाख 17 हजार रुपए वसूल लिए गए। जब आरोपियों ने और पैसे की मांग शुरू की तो पीड़ित ने गुढ़ियारी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों महिलाओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में बैंक ट्रांजेक्शन सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
गुढ़ियारी थाना प्रभारी बी.एल. चंद्राकर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

