छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पी. सुंदरराज को एनआईए में आईजी की जिम्मेदारी….

रायपुर, 17 जून 2026। छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पी. सुंदरराज को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) में इंस्पेक्टर जनरल (आईजी) के पद पर नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी प्रदान कर दी है।

पी. सुंदरराज छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुभवी और कुशल अधिकारियों में गिने जाते हैं। उन्होंने राज्य में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए अपनी प्रशासनिक क्षमता और नेतृत्व कौशल का प्रभावी परिचय दिया है। विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र में आईजी के रूप में उनकी सेवाओं को व्यापक सराहना मिली। उनके नेतृत्व में नक्सल विरोधी अभियानों को मजबूती मिली और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया गया।

 

तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में 27 फरवरी 1980 को जन्मे पी. सुंदरराज ने कृषि विज्ञान में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की। वर्ष 2003 में उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में स्थान प्राप्त किया और उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित किया गया।

 

राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद से जुड़े मामलों की जांच करने वाली देश की प्रमुख एजेंसी एनआईए में आईजी पद पर उनकी नियुक्ति को छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी यह उपलब्धि राज्य के पुलिस अधिकारियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

 

पुलिस एवं प्रशासनिक हलकों में उनकी नई जिम्मेदारी को लेकर हर्ष व्यक्त किया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!