दुर्ग ब्रेकिंग: शिवनाथ नदी में डूबने से केरल के युवक की मौत, दोस्तों संग नहाने गया था युवक,परिवार का इकलौता सहारा छिना
दुर्ग। वीकली ऑफ के दिन दोस्तों के साथ घूमने और नहाने गया एक युवक शिवनाथ नदी में डूब गया। हादसे में केरल निवासी युवक की मौत हो गई। साथियों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, एंबुलेंस में सीपीआर भी दिया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
जानकारी के अनुसार मृतक आशिन ओ.एस. (Aashin O.S.) केरल के एर्नाकुलम जिले का रहने वाला था और भिलाई के सुपेला स्थित इंडियन कॉफी हाउस में वेटर के रूप में कार्यरत था। रविवार को उसकी साप्ताहिक छुट्टी थी। इसी दौरान वह अपने चार दोस्तों के साथ रसमढ़ा-पिपरछेड़ी क्षेत्र स्थित शिवनाथ नदी में नहाने पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि आशिन को तैरना आता था, इसलिए वह नदी में उतर गया, जबकि उसके साथी किनारे पर ही रहे। नहाते समय वह नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गया और डूबने लगा। कुछ ही देर में वह पानी में गायब हो गया।
घटना के बाद उसके साथियों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने युवक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। रास्ते में सीपीआर भी दिया गया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर अंजोरा चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक अविवाहित था और अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में माता-पिता और एक बहन हैं। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद उसके पार्थिव शरीर को रायपुर से विमान के जरिए केरल भेजने की तैयारी की गई, ताकि उसका अंतिम संस्कार गृह नगर में किया जा सके।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार, दोस्तों और सहकर्मियों में शोक का माहौल है।

