भिलाई में होली की रात युवक ने की आत्महत्या, घर में फांसी पर मिला शव
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/भिलाई: दिनांक 05.03.2026 को वैशाली नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राजीव नगर भिलाई निवासी 24 वर्षीय सौरभ सोनकर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, होली के दिन युवक अपने परिवार के साथ था और सामान्य रूप से त्योहार भी मनाया। देर रात उसने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और मित्र तत्काल मौके पर पहुंचे और युवक को फंदे से नीचे उतारकर इलाज के लिए भिलाई के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन एवं परिचित अस्पताल पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर में भीड़ का माहौल बन गया। बाद में परिजनों द्वारा शव को अस्पताल की मर्च्यूरी में सुरक्षित रखवा दिया गया।
पुलिस द्वारा मामले में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला में कराया जाएगा। पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

