दुर्ग में फिर खून-खराबा! मामूली विवाद के बाद युवक की चाकू मारकर हत्या……पहले विवाद, फिर चाकू से हमला… इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम

दुर्ग। जिले के जामुल थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद हुए चाकू हमले में गंभीर रूप से घायल एक ट्रैक्टर चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास के दर्ज मामले में मृतक की मौत होने पर हत्या की धारा जोड़ते हुए जांच तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नारधा बस्ती निवासी 36 वर्षीय भीषम गायकवाड मंगलवार सुबह करीब 10 बजे किसी काम से बाहर निकले थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात जामुल निवासी 40 वर्षीय अरविंद चतुर्वेदी उर्फ लोमन से हुई। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान अरविंद ने भीषम पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल भीषम को स्थानीय लोगों ने तत्काल कुम्हारी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। भीषम ट्रैक्टर चालक थे और इसी काम से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस ने आरोपी अरविंद चतुर्वेदी उर्फ लोमन को हिरासत में ले लिया। प्रारंभ में पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, लेकिन घायल की मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ दी गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

इधर, हाल के दिनों में दुर्ग जिले में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस विभिन्न मामलों की जांच कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!