दुर्ग में बारिश के बीच बड़ा हादसा, निर्माणाधीन मकान पर गिरी बिजली; मजदूर की मौत
डिजिटल डेस्क | दुर्ग: दुर्ग में बुधवार शाम मौसम खराब होने के दौरान बिजली गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा पुलगांव थाना क्षेत्र के महेश कॉलोनी स्थित हाउसिंग बोर्ड की निर्माणाधीन कॉलोनी में हुआ।
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय करीब 5 से 6 मजदूर निर्माणाधीन मकान में प्लास्टर का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। निर्माण स्थल के आसपास दो बार बिजली गिरी। दूसरी बार बिजली गिरने की चपेट में वहां काम कर रहे मजदूर आ गए।
हादसे में लोरमी निवासी 20 वर्षीय मनोहर यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बिलासपुर निवासी 24 वर्षीय राहुल निषाद गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि बिजली गिरने से तीन मजदूर प्रभावित हुए थे। इनमें से दो मजदूर सीधे इसकी चपेट में आए, जबकि तीसरे मजदूर को भी तेज कंपन महसूस हुआ। हालांकि उसे गंभीर चोट नहीं आई। निर्माण स्थल पर मौजूद अन्य मजदूर सुरक्षित बच गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

