भिलाई में दिनदहाड़े झपटमारी: 65 वर्षीय महिला को बनाया निशाना,रास्ता पूछने के बहाने बुजुर्ग महिला से मंगलसूत्र लूटकर भागा, लूटआरोपी गिरफ्तार…..
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/भिलाई: दिनांक 05-04-2026 को प्रार्थिया श्रीमती रमीला वर्मा (उम्र 65 वर्ष), निवासी सेक्टर-6, दवाइयाँ लेकर सेक्टर-6A मार्केट से अपने घर (सड़क-17) जा रही थीं। इसी दौरान शाम लगभग 7:45 बजे एक अज्ञात युवक ने उनसे सड़क-17 का रास्ता पूछा और अचानक उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीनकर सेंट्रल एवेन्यू की ओर भाग गया।
महिला द्वारा शोर मचाने पर मौके से गुजर रहे सीएसपी भिलाई नगर एवं थाना भिलाई नगर की पेट्रोलिंग टीम ने तत्परता दिखाते हुए आम नागरिकों के सहयोग से आरोपी का पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हर्ष चंद्राकर (उम्र 22 वर्ष), निवासी संगम चौक, खुर्सीपार बताया।
आरोपी के कब्जे से प्रार्थिया का छीना गया सोने का मंगलसूत्र बरामद कर उसे तत्काल पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना भिलाई नगर में धारा 304(2) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

