Big BREAKING: कटक में दुर्गा विसर्जन के दौरान हिंसा, पुलिसकर्मी घायल इंटरनेट बंद
ओडिशा के कटक में दुर्गा पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान दो गुटों में हिंसक झड़प हुई, जिसमें डीसीपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए प्रशासन ने 24 घंटे के लिए कटक के प्रमुख इलाकों में मोबाइल डाटा और ब्रॉडबैंड सेवाएं बंद कर दी हैं। सोशल मीडिया पर भी अस्थायी रोक लगाई गई है ताकि अफवाहों को रोका जा सके।

बता दें कि ये पूरा मामला चार अक्तूबर की रात का है, जब एक बजे भुसानी टाइम पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का जुलूस निकल रहा था। तभी दो समुदायों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। बहस ने जल्द ही हिंसा का रूप ले लिया, और देखते ही देखते पत्थर और बोतलें चलने लगीं। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव की कोशिश की। लेकिन उपद्रवियों ने पुलिस पर भी हमला कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट की माने तो मूल झड़प शुक्रवार और शनिवार की रात को तेज आवाज में संगीत बजाने पर शुरू हुई थी, जिसके बाद पत्थरबाजी भी हुई थी। इसमें कटक डीसीपी ऋषिकेश ज्ञानदेव समेत कई लोग घायल हुए थे। मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

वहीं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (ट्विटर) और अन्य इंटरनेट सेवाओं के इस्तेमाल पर अस्थायी रोक लगा दी है। जारी अधिसूचना के अनुसार यह रोक आज शाम सात बजे से कल शाम सात बजे तक लागू रहेगी। बता दें कि यह प्रतिबंध कट्टक म्युनिसिपल कॉरपोरेशन, कट्टक डेवलपमेंट अथॉरिटी (सीडीए) और 42 मौजा इलाके में प्रभावी रहेगा।
मामले में राज्य सरकार का कहना है कि गलत सूचना, अफवाह और भड़काऊ सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए यह कदम जरूरी था। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए अधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है, और सोशल मीडिया की गतिविधियों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

