दुर्ग में फिर आग का कहर! श्रद्धा राइस मिल में अचानक लगी आग, कारण अब तक अज्ञात….लगी आग पर दमकल ने पाया काबू
डिजिटल डेस्क | दुर्ग। जिले के जेवरा सिरसा स्थित श्रद्धा राइस मिल में मंगलवार शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना लगभग शाम 5:35 बजे की बताई जा रही है, जब मिल परिसर में रखे बारदानों (बोरों) से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग ने बिना देरी किए दो दमकल वाहनों को घटनास्थल के लिए रवाना किया।
दमकल दल जब मौके पर पहुंचा, तब तक आग तेजी से फैल रही थी और राइस मिल के अंदर रखे बारदानों को अपनी चपेट में ले चुकी थी। अग्निशमन कर्मियों ने बिना समय गंवाए साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए मिल के अंदर प्रवेश किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
अग्निशमन टीम की तत्परता और समन्वय के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो आग पूरे मिल परिसर में फैल सकती थी, जिससे भारी नुकसान होने की आशंका थी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में जिला अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में सहायक स्टेशन फायर प्रभारी संतोष पाण्डेय, अग्निशमन दल प्रभारी धन्नु यादव, भगवती बंजारे सहित कर्मचारी शैलेन्द्र, कुंजेश, कुलेश, नितिन, उमाशंकर, योगेश, संतोष और नरोत्तम टंडन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अग्निशमन विभाग की सतर्कता और टीमवर्क के चलते घटनास्थल पर किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और समय रहते स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया।

