महादेव सट्टा ऐप केस: सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत, ED को नहीं मिली रिमांड
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष अदालत ने 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कोर्ट में पेशी के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच रायपुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया। वहीं, पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से मांगी गई रिमांड को अदालत ने मंजूरी नहीं दी।
जानकारी के मुताबिक, CBI की टीम आठ दिनों की रिमांड पूरी होने के बाद सौरभ चंद्राकर को अपने कार्यालय से विशेष अदालत लेकर पहुंची थी। CBI ने इससे पहले अदालत से मिली रिमांड के दौरान उससे कई पहलुओं पर पूछताछ की थी। रिमांड अवधि समाप्त होने पर उसे दोबारा कोर्ट में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में रखने का आदेश दिया।
इस हाईप्रोफाइल मामले में अब CBI की अगली कार्रवाई पर नजरें टिकी हुई हैं। बताया जा रहा है कि CBI आगे की पूछताछ के लिए दोबारा रिमांड की मांग कर सकती है। वहीं, ED ने भी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के लिए रिमांड मांगी थी, लेकिन अदालत से फिलहाल उसे राहत नहीं मिली।
CBI मुख्यालय में आठ दिनों तक चली पूछताछ के दौरान महादेव ऐप के कथित नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन को लेकर भी सवाल किए गए। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में सौरभ चंद्राकर ने कथित लाइजनिंग नेटवर्क में अपनी भूमिका से अलग होने की बात कही और इसकी जिम्मेदारी रवि उप्पल पर होने का दावा किया।
वहीं, सूत्रों का दावा है कि सौरभ ने कथित तौर पर पैनल ऑपरेशन और हवाला के जरिए होने वाले वित्तीय लेन-देन से जुड़े कामकाज की जिम्मेदारी संभालने की बात स्वीकार की है।
हालांकि, पूछताछ के दौरान सामने आए इन बयानों और दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में रहेगा। अब देखना होगा कि इस मामले में CBI और ED आगे क्या कदम उठाती हैं।

