दुर्ग के इंदिरा मार्केट की बदलेगी तस्वीर, 298 कारों की मल्टीलेवल पार्किंग के साथ बनेंगी 11 दुकानें…..
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/23 नवंबर/नगर पालिक निगम। शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र इंदिरा मार्केट एवं पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रस्तावित अत्याधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण कार्य का महापौर अलका बाघमार ने निगम अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को कार्य में और गति लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, एमआईसी सदस्य ज्ञानेश्वर ताम्रकर, नीलेश अग्रवाल, पार्षद रंजीता पाटिल, प्रभारी भवन अधिकारी गिरीश दिवान, उप अभियंता पंकज साहू, पूर्व एल्डरमेन संदीप जैन,जितेंद्र राजपूत एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि निर्माण कार्य में और तेजी लाते हुए लगातार काम जारी रखें, ताकि निर्धारित समय में परियोजना पूर्ण कर नागरिकों को पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने अधिकारियों को तकनीकी गुणवत्ता, निर्माण की मजबूती एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।महापौर ने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव और इंदिरा मार्केट एवं पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में पार्किंग की समस्या को देखते हुए यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण है। मल्टीलेवल पार्किंग बनने से बाजार क्षेत्र में वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित होगी, सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों पर नियंत्रण लगेगा और यातायात जाम की समस्या से नागरिकों, व्यापारियों तथा बाजार में आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। मल्टीलेवल पार्किंग शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।लगभग 17 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस अत्याधुनिक पार्किंग परियोजना में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर एवं दो मंजिला संरचना विकसित की जाएगी। इसमें कुल 298 कारों की पार्किंग क्षमता होगी तथा परिसर में 11 दुकानों का निर्माण भी किया जाएगा। निर्माण कार्य की निर्धारित अवधि 18 माह है। परियोजना पूर्ण होने पर इंदिरा मार्केट एवं पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी नई सुविधा मिलेगी।

