Bhilai IIT छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मर्ग कायम कर जांच शुरू
भिलाई आईआईटी छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मर्ग कायम कर जांच शुरू
भिलाई स्थित आईआईटी के 18 वर्षीय छात्र सौमिल साहू की मंगलवार सुबह सुपेला क्षेत्र स्थित स्पर्श अस्पताल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक सौमिल साहू, निवासी साई दर्शन सोसायटी, हरदा बायपास, नर्मदापुरम (म.प्र.), आईआईटी भिलाई में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग बीटेक प्रथम सेमेस्टर का छात्र था।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को सौमिल को बुखार की शिकायत हुई थी। मंगलवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर उसे स्पर्श अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन नर्मदापुरम से भिलाई पहुंचे। देर रात शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजन उसे लेकर रवाना हुए। अंतिम संस्कार बुधवार को नर्मदापुरम में किया जाएगा।
प्रारंभिक जांच में मिर्गी का दौरा आने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
थाना सुपेला पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर प्रकरण की जांच की जा रही है। अस्पताल और छात्र के निवास स्थल से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।
आईआईटी के सहपाठियों और परिचितों के अनुसार, सौमिल मेहनती, अनुशासित और होनहार छात्र था। हाल ही में दीपावली पर वह नर्मदापुरम अपने घर गया था और भिलाई के शांति नगर क्षेत्र में रह रहा था।

