दुर्ग में बढ़ते अपराधों से दहशत — 11 दिन में 5 से ज्यादा हत्या, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल…….2000 रुपए के लेन-देन में युवक की हत्या
मामूली रुपए के लेन-देन में युवक की हत्या — तीन आरोपी हिरासत में
दुर्ग। जिले में लगातार बढ़ रहे अपराधों ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले 11 दिनों में ही जिले में 5 से अधिक हत्या, चाकूबाजी और मारपीट जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। आए दिन हो रही वारदातों से आम लोगों में दहशत का माहौल है।
ताजा मामला अंडा थाना क्षेत्र का है, जहां महज 2 हजार रुपए के लेनदेन को लेकर ओंकारेश्वर सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इससे पहले भी दुर्ग शहर और आसपास के इलाकों में हत्या, लूटपाट और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
दिनांक 11 नवंबर 2025 को थाना अंडा क्षेत्र में दो हजार रुपए के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक ओंकारेश्वर सिंह (25 वर्ष) का तीन युवकों — अजीत ढीमर, चेतन ढीमर और नरेश — से पैसों को लेकर विवाद हो गया था। बताया गया कि मृतक ने आरोपी अजीत ढीमर से कुछ दिन पहले दो हजार रुपए लिए थे। 11 नवंबर की रात पैसों की मांग को लेकर दोनों पक्षों में फोन पर बहस हुई, जिसके बाद आरोपी पक्ष ने मृतक को अपमानजनक संदेश भेजा। इससे नाराज होकर मृतक उनके पास पहुंच गया, जहां आपसी विवाद बढ़ने पर तीनों आरोपियों ने मिलकर ओंकारेश्वर सिंह की लात-घूंसों और डंडे से पिटाई कर दी।
पिटाई के दौरान गंभीर अंदरूनी चोट आने से ओंकारेश्वर की तबीयत बिगड़ गई। स्थानीय लोगों द्वारा उसे जिला अस्पताल दुर्ग लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही थाना अंडा पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम हेतु भेजा गया है। तीनों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश एवं पैसों के लेन-देन से जुड़ा पाया गया है।
पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर प्रकरण दर्ज किया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
— थाना अंडा पुलिस, जिला दुर्ग

