हींग खरीदने वालों सावधान! एवरेस्ट समेत 2 कंपनियों पर FSSAI की कार्रवाई…..
डिजिटल डेस्क | भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों के उल्लंघन को लेकर एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और लालजी गोधू एंड कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की है। दोनों कंपनियों द्वारा निर्मित कंपाउंडेड हींग के कुछ सैंपल जांच में निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।
एवरेस्ट के उत्पादों में मानकों का उल्लंघन
FSSAI के अनुसार, एवरेस्ट की कंपाउंडेड हींग के सैंपल में अल्कोहल में घुलनशील अर्क की मात्रा शून्य प्रतिशत पाई गई, जबकि निर्धारित मानक के अनुसार यह कम से कम 5 प्रतिशत होना चाहिए। वहीं, पीली हींग पाउडर में यह मात्रा 3.29 प्रतिशत और काली हींग पाउडर में 4.4 प्रतिशत पाई गई।
जांच के बाद FSSAI ने एवरेस्ट को कम गुणवत्ता वाले उत्पादों की बिक्री से जुड़ी शिकायत के समाधान के लिए एक्शन प्लान प्रस्तुत करने और भविष्य में निर्धारित मानकों के अनुरूप ही उत्पादों का निर्माण एवं बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
लालजी गोधू एंड कंपनी के उत्पाद भी जांच में फेल
लालजी गोधू एंड कंपनी के कंपाउंडेड हींग और कंपाउंडेड हींग पाउडर के सैंपल भी जांच के दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। कुछ उत्पादों में गुणवत्ता संबंधी कमियां और गलत लेबलिंग भी सामने आई।
इसके अलावा, कंपाउंडेड हींग के निर्माण में इस्तेमाल किए जाने वाले कच्चे हींग की भी जांच की गई। इसमें स्टार्च की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। नियमों के अनुसार हींग में स्टार्च की मात्रा वजन के हिसाब से 1 प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए।
FSSAI ने दोनों कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि वे खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें। नियामक ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

