दुर्ग में इबोला वायरस का खतरा! जिले में इबोला वायरस के तीन संदिग्धों की एंट्री, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट….

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में इबोला वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। इबोला प्रभावित देशों कांगो, इथियोपिया और युगांडा से लौटे तीन व्यक्तियों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा ट्रेस कर निगरानी में रखा गया है। एहतियातन उन्हें क्वारंटीन किया गया है और उनके स्वास्थ्य की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

बताया जा रहा हैं कि एक व्यक्ति कांगो से मुंबई होते हुए दुर्ग पहुंचा है और वर्तमान में गया नगर क्षेत्र में रह रहा है। वहीं इथियोपिया और युगांडा से आए दो अन्य व्यक्ति भिलाई के जुनवानी स्थित अविनाश मेट्रोपोलिटन क्षेत्र में रह रहे हैं।

इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (IDSP) से सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों को तत्काल सक्रिय किया गया और संबंधित व्यक्तियों को चिन्हित कर निगरानी में रखा गया है। फिलहाल तीनों व्यक्तियों की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य है और उनमें इबोला वायरस से संबंधित किसी भी प्रकार के लक्षण नहीं पाए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने तीनों के रक्त नमूने जांच के लिए पुणे स्थित प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। तब तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार इबोला एक अत्यंत संक्रामक और गंभीर वायरल बीमारी है, जो संक्रमित व्यक्ति के रक्त, पसीने या अन्य शारीरिक तरल पदार्थों के संपर्क में आने से फैल सकती है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, कमजोरी, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द, गले में खराश और गंभीर मामलों में रक्तस्राव शामिल हैं।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें।

क्या है इबोला वायरस?

इबोला एक गंभीर और अत्यंत संक्रामक वायरल बीमारी है, जो संक्रमित व्यक्ति के खून, पसीने या अन्य शारीरिक तरल पदार्थों के संपर्क में आने से फैल सकती है। विश्व स्वास्थ्य संगठनों के अनुसार यह बीमारी कई मामलों में जानलेवा साबित होती है।

इबोला के प्रमुख लक्षण

  • अचानक तेज बुखार
  • अत्यधिक कमजोरी
  • मांसपेशियों में दर्द
  • सिरदर्द
  • गले में खराश
  • गंभीर मामलों में आंतरिक एवं बाहरी रक्तस्राव

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध लक्षण की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!