दुर्ग में फिर मर्डर: 17 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या
मोहन नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या, एक आरोपी हिरासत में
डिजिटल डेस्क:दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार रात्रि लगभग 9:00 बजे एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर शव मिलने से स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान 17 वर्षीय नानू गोंड के रूप में हुई है, जो घोड़ी चलाने का कार्य करता था। यह घटना शांति नगर स्थित शिव मंदिर के सामने हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात आरोपियों ने पुराने विवाद के चलते युवक पर हमला किया। बताया जा रहा है कि करीब एक माह पूर्व मृतक का किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था, जिसके बाद से तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
हमले के दौरान मृतक की पीठ सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध आरोपी चीकू को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या के पीछे के कारणों और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सके। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
फिलहाल क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। मोहन नगर पुलिस ने आमजन से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
मामले की विस्तृत जांच जारी है।

