Durg शिवनाथ नदी में डूबा युवक, SDRF की मशक्कत के बाद मिला शव—इलाके में सनसनी

महमरा की शिवनाथ नदी में डूबे युवक का SDRF ने निकाला शव

डिजिटल डेस्क | दुर्ग जिले के महमरा स्थित शिवनाथ नदी एनीकेट में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब एक युवक के डूबने की सूचना कंट्रोल रूम दुर्ग को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पूरे प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।

जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ दुर्ग की टीम बिना देर किए घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचते ही टीम ने हालात का जायजा लिया और तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। नदी का बहाव और गहराई टीम के लिए चुनौती बन रही थी, लेकिन जवानों ने हिम्मत नहीं हारी।

एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव के नेतृत्व में टीम के सदस्य—चंद्रप्रताप जंघेल, ओंकार, सूरज, शारदा, राजेश यादव, राजेश नेताम, दिलीप, महेश, चंद्रप्रकाश और भूपेंद्र सिंह—ने लगातार प्रयास करते हुए नदी में गहन खोजबीन की। कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार टीम को सफलता मिली और युवक के शव को पानी से बाहर निकाल लिया गया।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ और परिजनों की बेचैनी साफ देखी जा रही थी। जैसे ही शव बाहर निकाला गया, माहौल गमगीन हो गया। एसडीआरएफ टीम ने शव को सम्मानपूर्वक स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

फिलहाल मृतक की पहचान अज्ञात बताई जा रही है और पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!