Durg Breaking: AC कोच बना बार! यात्रियों को शराब परोसता पकड़ा गया अटेंडेंट

डिजिटल डेस्क | दुर्ग। निजामुद्दीन-दुर्ग हमसफर एक्सप्रेस (22868) में अवैध रूप से शराब ले जाने और यात्रियों को परोसने के आरोप में एसी कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरपीएफ दुर्ग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त ट्रेन में तैनात कोच अटेंडेंट अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट दुर्ग के प्रभारी ने आबकारी विभाग से समन्वय कर संयुक्त टीम का गठन किया और ट्रेन के दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचने का इंतजार किया गया।

ट्रेन के दुर्ग स्टेशन पहुंचते ही टीम ने कोच नंबर बी-7 में तैनात एसी अटेंडेंट रीमन दास की पहचान कर उसके सामान की तलाशी ली। जांच के दौरान उसके बैग से छिपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

जब्त सामग्री में 3 फुल बोतल व्हिस्की, 1 फुल बोतल वोडका, 2 क्वार्टर व्हिस्की तथा 18 कैन बीयर शामिल हैं। कुल 12.236 बल्क लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 4,140 रुपए बताई गई है। पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

आबकारी विभाग द्वारा आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को 13 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश किया जाएगा। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है, ताकि इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके।

दुर्ग आरपीएफ थाना प्रभारी संजीव सिन्हा ने बताया कि ट्रेनों में अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे अवैध तस्करी पर अंकुश लगाया जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!