दुर्ग में फिर मर्डर: धारदार हथियार से वार, फिर जलाया शव….झाड़ियों में मिली युवती की जली हुई लाश
• युवती की हत्या कर शव जलाने का मामला उजागर करने पुलिस की जांच तेज
• मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची
• धारदार हथियार से हत्या की आशंका, फोरेंसिक टीम जुटा रही सबूत
उतई थाना क्षेत्र के पुरई में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां एक युवती का जला हुआ शव झाड़ियों के पास मिला। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने करगाडीह रोड के समीप नहर के पास जले हुए शव को देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही उतई पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर सबूत एकत्रित किए। प्राथमिक जांच में यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि युवती की पहले धारदार हथियार से हत्या की गई होगी, जिसके बाद सबूत मिटाने के इरादे से शव को आग के हवाले किया गया।
पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू कर दी गई है। साथ ही युवती की पहचान सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटनाक्रम और आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
उतई थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर कोण से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा कर लिया जाएगा।
— थाना उतई, जिला दुर्ग पुलिस

