दुर्ग गंजपारा हत्याकांड में ढाई साल बाद फैसला, चार आरोपियों को उम्रकैद; पूर्व भाजपा पार्षद अजय दुबे बरी
दुर्ग। शहर के चर्चित गंजपारा हत्याकांड में करीब ढाई साल बाद अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। गंजपारा नाका चौक पर श्रीराम यादव उर्फ मंत्री की हत्या के मामले में अदालत ने चार आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। वहीं, मामले में आरोपी रहे दुर्ग नगर निगम के पूर्व भाजपा पार्षद अजय दुबे को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया है।
प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश शेख अशरफ की अदालत ने 18 नवंबर 2026 को यह फैसला सुनाया। अदालत ने अक्षत दुबे उर्फ मान्या, शुभम शर्मा, वंश राजपूत और अमिताभ उर्फ चंदु को हत्या सहित अन्य आरोपों में दोषी ठहराया। वहीं, अक्षत और शुभम को आर्म्स एक्ट के तहत भी सजा सुनाई गई है।
अदालत ने चारों दोषियों को हत्या के मामले में आजीवन कारावास और एक-एक हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई है। रास्ता रोकने के मामले में एक महीने की साधारण कैद और 500 रुपए जुर्माना भी लगाया गया है। इसके अलावा अदालत ने चारों को आपराधिक साजिश के मामले में भी दोषी माना है।
अक्षत और शुभम को सार्वजनिक स्थान पर बटनदार चाकू रखने और इस्तेमाल करने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत क्रमशः दो और तीन साल की सश्रम कैद की सजा सुनाई गई है। दोनों पर अलग-अलग धाराओं में 500-500 रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, 21 मई 2024 की रात करीब 8:15 बजे गंजपारा नाका चौक पर श्रीराम यादव उर्फ मंत्री को दो बाइक से पहुंचे आरोपियों ने घेर लिया था। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उनका रास्ता रोककर चाकू और कड़े से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोटें आने और अत्यधिक खून बहने के कारण श्रीराम यादव की मौत हो गई थी।
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने चश्मदीद गवाह मुन्ना और बलराम यादव के बयानों को अहम माना। दोनों गवाहों ने आरोपियों द्वारा श्रीराम यादव पर हमला किए जाने की बात कही थी। मुन्ना के मुताबिक, अक्षत और शुभम ने चाकू से हमला किया, जबकि अमिताभ ने कड़े से वार किया था।
इसके अलावा पुलिस जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य गवाहों के बयान भी अदालत के सामने पेश किए गए। पोस्टमार्टम करने वाली डॉक्टर वैशाली साहू ने बताया कि मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से चोटें थीं। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हाइपोवोलेमिक शॉक से उनकी मौत हुई थी।
हत्याकांड में आरोपी रहे पूर्व भाजपा पार्षद अजय दुबे को अदालत ने बरी कर दिया है। उन पर हत्या की साजिश रचने और एक आरोपी को छिपाने या संरक्षण देने का आरोप था।
अदालत ने मोबाइल और कॉल डिटेल रिकॉर्ड सहित उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की, लेकिन अजय दुबे की हत्या की योजना में भूमिका या किसी आरोपी को छिपाने में संलिप्तता साबित नहीं हो सकी। अदालत के मुताबिक, आपराधिक साजिश साबित करने के लिए ठोस साक्ष्य आवश्यक हैं। पर्याप्त सबूत नहीं मिलने पर उन्हें संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया।
अजय दुबे दुर्ग नगर निगम के पचरीपारा वार्ड से भाजपा पार्षद रह चुके हैं। वे दुर्ग जिला भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रहे हैं।
अदालत ने श्रीराम यादव की हत्या से उनके परिवार को हुई मानसिक और आर्थिक क्षति को देखते हुए पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए फैसले की प्रति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग को भेजने का आदेश दिया गया है।

