दुर्ग में खूनी लूट!….चार बदमाशों ने उपसरपंच की चाकू मारकर कर दी हत्या

दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात लूटपाट के दौरान ग्राम तुमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना करहीडीह से चिखली चौक के बीच धमधा रोड पर हुई। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रकाश सिंह कश्यप रविवार रात भिलाई से अपने गांव लौट रहे थे। उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों का उद्देश्य लूटपाट करना था।

 

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले मोबाइल फोन और नकदी लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर उन्होंने प्रकाश सिंह कश्यप पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के दौरान उनके साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह जान बचाकर वहां से निकल गया और घटना की सूचना पुलिस को दी।

 

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और लगभग चार हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही जेवरा सिरसा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

 

मृतक प्रकाश सिंह कश्यप ग्राम तुमाकला के उपसरपंच थे, जबकि उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

 

जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समित मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!