CG BREAKING: रायपुर जिला कोर्ट में खूनी बवाल! पेशी के दौरान भाई ने भाई पर किया हमला…..
डिजिटल डेस्क |रायपुर। जिला न्यायालय परिसर में पेशी के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना कोर्ट परिसर स्थित पुलिस चौकी के सामने हुई, जिसमें एक युवक घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष अपनी-अपनी नियमित पेशी के लिए जिला न्यायालय पहुंचे थे। सुनवाई समाप्त होने के बाद कोर्ट परिसर से बाहर निकलते समय किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति निर्मित हो गई।
आरोप है कि एक पक्ष के ध्रुवेश देवांगन ने दूसरे पक्ष के राहुल सोनी के साथ मारपीट की। इस दौरान राहुल सोनी का सिर दीवार से टकरा गया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद कोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी ध्रुवेश देवांगन को तत्काल हिरासत में ले लिया। वहीं घायल राहुल सोनी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोनों पक्ष स्वयं पेशी के लिए न्यायालय पहुंचे थे, उन्हें पुलिस द्वारा लाया नहीं गया था। साथ ही प्रारंभिक स्तर पर सामने आई चाकू से हमला किए जाने की सूचना को भी पुलिस ने खारिज कर दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और विवाद के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

