छत्तीसगढ़ में बड़ा एक्शन: यौन उत्पीड़न के आरोपों में सीनियर IPS रतन लाल डांगी सस्पेंड

डिजिटल डेस्क | दुर्ग/ रायपुर:  छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रतन लाल डांगी को निलंबित कर दिया गया है। उनके विरुद्ध एक उपनिरीक्षक (SI) की पत्नी द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों की विभागीय जांच लंबित होने के कारण यह कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय नया रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय (PHQ) निर्धारित किया गया है तथा वे बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि लगभग 5 माह पूर्व भी शासन द्वारा कार्रवाई करते हुए रतन लाल डांगी को आईजी पद से हटा दिया गया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2025 को एक SI की पत्नी ने पुलिस मुख्यालय में औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए डांगी पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे। शिकायत में महिला ने बताया कि वर्ष 2017 में कोरबा में उनकी मुलाकात हुई थी, जब डांगी वहां एसपी पद पर पदस्थ थे। प्रारंभिक बातचीत सोशल मीडिया के माध्यम से शुरू हुई, जो बाद में आगे बढ़ी।

महिला ने आरोप लगाया है कि दंतेवाड़ा में पदस्थापना के दौरान वह वीडियो कॉल के माध्यम से उन्हें योग सिखाती थी। इसके बाद राजनांदगांव और सरगुजा में आईजी रहने के दौरान डांगी द्वारा कथित रूप से उसे परेशान किया जाने लगा, जो बिलासपुर में पदस्थ रहने के दौरान और बढ़ गया।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि डांगी द्वारा महिला को पत्नी की अनुपस्थिति में बंगले पर बुलाया जाता था तथा मना करने पर उसके पति के तबादले की धमकी दी जाती थी। साथ ही सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क में रहने का दबाव बनाए जाने का भी आरोप है। महिला ने अपने पास आपत्तिजनक डिजिटल साक्ष्य होने का दावा किया है।

मामले की विभागीय जांच वर्तमान में जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!