रायपुर में GST का बड़ा एक्शन: फर्जी बिलिंग और करोड़ों की टैक्स चोरी के शक में अन्नपूर्णा कॉम्प्लेक्स पर ताबड़तोड़ छापेमारी

भैंसथान स्थित अन्नपूर्णा कॉम्प्लेक्स में GST विभाग की कार्रवाई, दो फर्मों के ठिकानों पर जांच जारी

▪️ GST चोरी और फर्जी बिलिंग की शिकायत पर विभाग की कार्रवाई
▪️ करीब 10 अधिकारियों की टीम द्वारा एक साथ कई ठिकानों पर जांच
▪️ दस्तावेज एवं इलेक्ट्रॉनिक डेटा जब्त
▪️ प्रारंभिक जांच में बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी के संकेत

डिजिटल डेस्क | दुर्ग/रायपुर: राजधानी रायपुर में राज्य GST विभाग द्वारा गुरुवार को भैंसथान स्थित अन्नपूर्णा कॉम्प्लेक्स में छापेमारी की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई लक्ष्मी कमर्शियल एवं एसआरएस ट्रेडर्स नामक फर्मों के विरुद्ध प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विभाग को संबंधित फर्मों द्वारा GST चोरी एवं फर्जी बिलिंग किए जाने की शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर करीब 10 अधिकारियों की टीम गठित कर दोनों फर्मों के चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ जांच प्रारंभ की गई।

जांच के दौरान टीम द्वारा बड़ी मात्रा में संदिग्ध दस्तावेज, बिल एवं ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड प्राप्त किए गए हैं। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक डेटा भी जब्त कर विस्तृत विश्लेषण हेतु सुरक्षित रखा गया है।

प्रारंभिक जांच में संकेत :
प्रारंभिक जांच में बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी के संकेत प्राप्त हुए हैं। जब्त दस्तावेजों एवं डेटा का परीक्षण किया जा रहा है, जिसके उपरांत ही प्रकरण की विस्तृत स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

विभागीय स्थिति :
मामले में फिलहाल विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूर्ण होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!