दुर्ग ब्रेकिंग: सूना घर देख चोरों का हमला, दुर्ग में व्यापारी के घर 5 लाख की चोरी

मैहर दर्शन गए व्यापारी के बंद घर में चोरी, 5 लाख के जेवर पार

 

डिजिटल डेस्क|दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। कैलाश नगर, लोहिया रोड, एकता चौक निवासी कारोबारी आदित्य विक्रम केशरवानी (26) के घर से करीब 5 लाख रुपये के सोने के जेवर चोरी हो गए।

जानकारी के अनुसार, कारोबारी 16 जनवरी की रात करीब 7:45 बजे अपने माता-पिता और बहन के साथ मैहर माता दर्शन के लिए घर में ताला लगाकर रवाना हुए थे। परिवार 18 जनवरी की सुबह करीब 11 बजे वापस लौटा, तब चोरी का खुलासा हुआ।

घर पहुंचने पर मेन गेट का ताला बाहर से सुरक्षित मिला, लेकिन अंदर कुछ लाइटें जली हुई थीं। जांच करने पर पाया गया कि अलमारी का लॉकर खुला हुआ है। लॉकर से सोने के दो हार, दो जोड़ी कान के सेट, तीन जोड़ी कंगन, एक नथनी और मंगलसूत्र का पेंडल चोरी हो चुके थे। चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 4 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है।

प्रारंभिक जांच में आशंका है कि अज्ञात चोर बाउंड्री कूदकर घर में घुसे और लॉकर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!