भिलाई में सुबह-सुबह चेन स्नेचिंग से मचा हड़कंप, बुजुर्ग महिलाओं को बनाया निशाना, पुलिस जांच में जुटी

भिलाई शहर में शुक्रवार सुबह अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चेन स्नेचिंग की दो घटनाएं सामने आने से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। दोनों घटनाओं में बदमाशों ने सुबह के समय घर के बाहर अकेली मौजूद बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाया। एक घटना में एक्टिवा सवार दो युवकों ने महिला के गले से सोने की चेन झपटी, जबकि दूसरी घटना में महिला आरोपी ने बुजुर्ग महिला के चेहरे पर मिर्च पाउडर डालकर चेन लूट ली।

 

पहली घटना सुपेला थाना क्षेत्र के प्रियदर्शनी परिसर स्थित भाजपा कार्यालय के पास सुबह करीब 6:25 बजे हुई। एक बुजुर्ग महिला अपने घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान एक्टिवा सवार दो युवक वहां पहुंचे। वाहन चला रहा युवक हेलमेट पहने था, जबकि पीछे बैठे आरोपी ने चेहरे पर नकाब लगाया हुआ था।

 

दोनों आरोपियों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। वारदात के दौरान चेन का एक हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर गया, जिसे पुलिस ने मौके से बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चेन करीब तीन तोले की बताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के हाथ चेन का कितना हिस्सा लगा और कितना हिस्सा घटनास्थल पर गिरा।

 

घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग रेंज के डीआईजी विजय अग्रवाल, भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी, सुपेला थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित महिला से घटना की जानकारी ली और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

 

दूसरी घटना भट्टी थाना क्षेत्र के सेक्टर-1, सड़क नंबर-2 के पास सुबह करीब 6:11 बजे हुई। यहां एक बुजुर्ग महिला अपने घर के बाहर फूल तोड़ रही थीं। इसी दौरान करीब 45 से 50 वर्ष की एक महिला उनके पास पहुंची और अचानक उनके चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंक दिया।

 

मिर्च पाउडर पड़ने से महिला घबरा गईं। इसी का फायदा उठाकर आरोपी महिला ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और पास में बाइक लेकर खड़े अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गई।

 

दोनों घटनाओं में एक समानता सामने आई है कि आरोपियों ने सुबह के समय घर के बाहर अकेली मौजूद बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाया। पहली घटना में महिला मॉर्निंग वॉक कर रही थीं, जबकि दूसरी घटना में महिला घर के बाहर फूल तोड़ रही थीं।

 

घटनाओं की समानता को देखते हुए पुलिस इस आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है कि दोनों वारदातों के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ तो नहीं है। पुलिस दोनों घटनाओं के आरोपियों के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच कर रही है।

 

पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। संदिग्धों की पहचान के साथ-साथ उनके आने-जाने के रास्तों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है।

 

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सुबह के समय विशेषकर बुजुर्ग महिलाएं अकेले बाहर निकलते समय सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!