बलौदाबाजार हिंसा केस में बड़ा अपडेट! सुप्रीम कोर्ट से जमानत के बाद जेल से रिहा हुए अमित बघेल

रायपुर। बलौदाबाजार हिंसा मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के सुप्रीमो अमित बघेल बुधवार को रायपुर सेंट्रल जेल से रिहा हो गए। उनकी रिहाई के बाद जेल के बाहर समर्थकों ने आतिशबाजी कर खुशी जताई और उनका स्वागत किया।

रिहाई के बाद अमित बघेल सबसे पहले महात्मा गांधी, स्वामी विवेकानंद और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करने पहुंचे। इसके बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर हाथ में लेकर जेल परिसर से बाहर निकलते हुए समर्थकों का अभिवादन किया।

गौरतलब है कि 10 जून 2024 को बलौदाबाजार के दशहरा मैदान में एक सामाजिक मुद्दे को लेकर बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया था। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान मंच से दिए गए भाषणों के बाद भीड़ उग्र हो गई और हालात हिंसक हो गए।

हिंसा के दौरान भीड़ ने बैरिकेड्स तोड़कर कलेक्टोरेट और एसपी कार्यालय परिसर में प्रवेश किया, जहां तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुईं। कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा। घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों पर भी हमला हुआ, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे।

इसी मामले में गिरफ्तार अमित बघेल को अब सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद रिहा कर दिया गया है। मामले की कानूनी प्रक्रिया अभी भी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!