छत्तीसगढ़ ने खोया कानून और विचार जगत का बड़ा नाम, कनक तिवारी का निधन
छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता और गांधीवादी चिंतक कनक तिवारी का निधन, दुर्ग के निजी अस्पताल में ली अंतिम सांस
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता, गांधीवादी चिंतक और प्रसिद्ध लेखक कनक तिवारी का गुरुवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बुधवार को तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें दुर्ग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
26 जुलाई 1940 को जन्मे कनक तिवारी गांधीवादी विचारधारा, भारतीय संविधान, सामाजिक न्याय और मानवाधिकारों के मुद्दों पर अपनी गहरी समझ और बेबाक लेखन के लिए पहचाने जाते थे। उन्होंने अपने विचारों और लेखन के माध्यम से लंबे समय तक सामाजिक एवं राजनीतिक विषयों पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
प्राध्यापक से पत्रकार और फिर बने वरिष्ठ अधिवक्ता
कनक तिवारी ने अपने करियर की शुरुआत अंग्रेजी साहित्य के प्राध्यापक के रूप में की थी। करीब 8 से 9 वर्षों तक उन्होंने विभिन्न कॉलेजों में अध्यापन किया। इसके बाद उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा। वे पीटीआई, नवभारत टाइम्स, नवभारत और नागपुर टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे।
इसके बाद उन्होंने कानून के क्षेत्र में अपना करियर बनाया। वर्ष 1971 में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से एलएलबी की परीक्षा स्वर्ण पदक के साथ उत्तीर्ण की और वकालत शुरू की। आगे चलकर वे छत्तीसगढ़ के महाधिवक्ता के पद पर भी रहे।
शंकर गुहा नियोगी के कानूनी मामलों से भी जुड़े रहे
कनक तिवारी का जुड़ाव छत्तीसगढ़ के चर्चित मजदूर आंदोलन और सामाजिक संघर्षों से भी रहा। मजदूर नेता शंकर गुहा नियोगी की हत्या के बाद उनके जमानत और अन्य कानूनी मामलों से जुड़े प्रसंगों में भी उनकी भूमिका का उल्लेख मिलता है।
वे केवल न्यायालय तक सीमित रहने वाले अधिवक्ता नहीं थे, बल्कि मजदूर अधिकारों, मानवाधिकारों और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर भी मुखरता से अपनी बात रखते थे।
कनक तिवारी के निधन से छत्तीसगढ़ ने कानून, पत्रकारिता, साहित्य और सामाजिक चिंतन के क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण शख्सियत को खो दिया है।

