महादेव सट्टा ऐप केस: हिमांशु शेखर 28 नवंबर तक ED रिमांड पर, आधी रात तक खुली रही कोर्ट
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में रायपुर की PMLA स्पेशल कोर्ट ने हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को 28 नवंबर तक प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कस्टोडियल रिमांड पर भेज दिया है। मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सुनवाई के लिए कोर्ट आधी रात के बाद तक खुली रही। 23 नवंबर की रात 10:45 बजे शुरू हुई सुनवाई 24 नवंबर की रात करीब 1 बजे समाप्त हुई।
विशेष न्यायाधीश अमित राठौर ने ED और बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद यह आदेश दिया। ED की ओर से सौरभ पांडेय ने पैरवी की, जबकि हिमांशु की ओर से अधिवक्ता फैजल रिजवी ने पक्ष रखा।
दुबई में बैठक और 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप
ED की रिमांड अर्जी के मुताबिक, महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि अक्टूबर 2023 में दुबई के जुमेराह पिंक बीच स्थित विला नंबर 45 में हिमांशु शेखर की प्रमोटरों से मुलाकात हुई थी। इस बैठक में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी, अधिवक्ता सुमित कोचर और हिमांशु मौजूद थे।
सौरभ के कथित बयान के अनुसार, हिमांशु ने महादेव बुक और उसके प्रमोटरों के खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों में राहत दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप लगाया गया है।
जज और वकीलों से संपर्क होने का दावा
ED की अर्जी में सौरभ चंद्राकर के बयान का हवाला देते हुए कहा गया है कि हिमांशु प्रमोटरों को भरोसा दिलाता था कि उसकी वकीलों और जजों से बात हो चुकी है। उसने कथित तौर पर कहा था, “बात हो रखी है लॉयर और जज साहब से।”
गिरिश तलरेजा की गिरफ्तारी की पहले ही दे दी थी सूचना
ED की रिमांड अर्जी में ऑनलाइन सट्टा साइट Lotus365.com से जुड़े गिरिश तलरेजा का भी उल्लेख है। सौरभ चंद्राकर के मुताबिक, गिरिश के भारत आने और जयपुर के बाद भोपाल में उसकी लोकेशन की जानकारी दुबई में मौजूद हिमांशु को दी गई थी।
आरोप है कि भोपाल के एक होटल में गिरिश के ठहरने के दौरान हिमांशु ने प्रमोटरों को बताया था कि उसी दिन गिरिश गिरफ्तार होगा। बाद में उसी दिन ED ने गिरिश तलरेजा को गिरफ्तार कर लिया। सौरभ ने इस घटनाक्रम को प्रमोटरों के बीच हिमांशु का भरोसा बढ़ाने वाला अहम मामला बताया।
हवाला के जरिए करोड़ों रुपये लेने का आरोप
ED के मुताबिक, सौरभ ने दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच हिमांशु को कई किस्तों में बड़ी रकम देने का दावा किया है। आरोप है कि यह रकम दिल्ली और मुंबई के हवाला ऑपरेटरों के जरिए नकद पहुंचाई गई। कुछ रकम दुबई में भी दी गई।
21 नवंबर को दिल्ली में हिमांशु से जुड़े चार ठिकानों पर ED ने तलाशी ली थी। इस दौरान पंचशील पार्क स्थित घर से हाथ से लिखे कुछ नोट मिलने की बात सामने आई है। इनमें मुंबई के हवाला ऑपरेटर, राजू भाई, वसीम और दिल्ली-मुंबई में रकम भेजने से संबंधित उल्लेख मिले हैं। एक नोट में 10 करोड़, 15 करोड़, 35 करोड़ और 45 करोड़ रुपये के साथ हर महीने 60 करोड़ रुपये देने का हिसाब लिखे होने का दावा किया गया है।
मोबाइल फोन से मिले डिजिटल सबूतों की जांच
ED की अर्जी में हिमांशु के सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड फोन से 473 MB का एक वीडियो मिलने का भी उल्लेख है, जिसके प्रीव्यू पर ‘MAHADEV BOOK’ लिखा था। फोन में अक्टूबर 2023 की वीडियो फाइल और पार्टी क्लिप मिलने की बात कही गई है।
इसके अलावा व्हाट्सऐप चैट में एक मैसेज भेजे जाने के सात सेकंड बाद डिलीट किए जाने का भी जिक्र है। ED ने दूसरे आईफोन का पासकोड नहीं मिलने और उसके फैक्ट्री रीसेट होने को भी जांच का हिस्सा बनाया है।
52 लाख की कंपनी का कारोबार 15.55 करोड़ रुपये पहुंचा
ED ने कोर्ट में हिमांशु की कंपनी यशाह मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के वित्तीय रिकॉर्ड का भी हवाला दिया। एजेंसी के मुताबिक, कंपनी का राजस्व वित्त वर्ष 2022-23 में 52.66 लाख रुपये था, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपये हो गया। ED ने कंपनी में हिमांशु की 75 प्रतिशत हिस्सेदारी का भी उल्लेख किया है।
इसके अलावा हिमांशु के बैंक खातों में बड़ी रकम जमा होने और विदेश यात्राओं का रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में है। ED के मुताबिक, दिसंबर 2023 से मई 2024 के बीच उसने विदेश की नौ यात्राएं कीं, जिनमें सात यात्राएं दिसंबर से मार्च के बीच हुई थीं।
हिमांशु ने 65 लाख रुपये को बताया प्रोफेशनल फीस
पूछताछ में हिमांशु ने दुबई के विला नंबर 45 में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, वसीम कुरैशी और सुमित कोचर से मुलाकात की बात स्वीकार की है। हालांकि, उसने बैठक की तारीख 3 अक्टूबर 2023 बताई।
हिमांशु ने अपने लेन-देन को पेशेवर फीस बताते हुए कहा कि उसे वसीम कुरैशी से 25 लाख रुपये और प्रमोटरों से 40 लाख रुपये बैंक खाते के माध्यम से मिले थे। वहीं, ED का कहना है कि 15 करोड़ रुपये और नकद किस्तों से जुड़े आरोपों का पूरा हिसाब सामने आना बाकी है।
अब 28 नवंबर तक ED करेगी पूछताछ
कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद ED अब हिमांशु से कथित 15 करोड़ रुपये के लेन-देन, हवाला नेटवर्क, बरामद नोट्स में लिखे नामों, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म से संभावित संबंधों के बारे में पूछताछ करेगी।
फिलहाल हिमांशु शेखर उर्फ मोहित 28 नवंबर तक ED की कस्टोडियल रिमांड पर रहेगा। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।

