GST Officer Anchal Giri: डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत लेते पकड़ी गई GST अधिकारी अंचला गिरी सस्पेंड

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर में डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार GST अधिकारी अंचला गिरी को राज्य कर विभाग ने निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जगदलपुर निर्धारित किया गया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की जगदलपुर टीम ने यह कार्रवाई एक स्क्रैप कारोबारी की शिकायत पर की थी। मामले में अधिकारी अंचला गिरी और उनके साथी इमरान को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है।

 

शिकायतकर्ता स्क्रैप कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज के अनुसार, 18 नवंबर को उनकी गाड़ी स्क्रैप लेकर जा रही थी। कारोबारी का दावा है कि गाड़ी में लोड माल के वैध बिल होने के बावजूद उसे रोक लिया गया। आरोप है कि GST अधिकारी अंचला गिरी ने गाड़ी छोड़ने के बदले 10 लाख रुपए की पेनाल्टी की बात कही, जबकि गाड़ी में लोड माल की कीमत करीब 3 लाख रुपए थी।

 

कारोबारी ने आरोप लगाया कि गाड़ी जब्त करने और कार्रवाई करने की धमकी देकर पहले 2 लाख रुपए में मामला निपटाने की बात कही गई। बाद में डेढ़ लाख रुपए देने पर सहमति बनी। इसमें 50 हजार रुपए पेनाल्टी के रूप में जमा कराने और शेष एक लाख रुपए घर पहुंचकर देने की बात तय हुई थी।

 

शिकायत के आधार पर ACB ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और अधिकारी अंचला गिरी तथा उनके साथी इमरान को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पकड़े जाने के डर से नोटों के बंडल नाली में फेंकने की बात भी सामने आई है।

 

फिलहाल ACB मामले में दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। वहीं राज्य कर विभाग ने अंचला गिरी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करते हुए उनका मुख्यालय जगदलपुर निर्धारित किया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!