दुर्ग में सफाईकर्मी की खौफनाक हत्या!…पहले पेट पर किए ताबड़तोड़ वार, फिर गले पर चलाया चाकू!

दुर्ग। शहर के सिद्धार्थ नगर के पास पुराने आबकारी विभाग भवन के समीप स्थित ग्राउंड में नगर निगम के सफाईकर्मी अविनाश परिहार उर्फ नासो (26) की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद मौके पर खून बिखरा मिला। मामले में पुलिस ने दो संदिग्ध नाबालिग युवकों को हिरासत में लिया है। हालांकि, मृतक के परिजनों ने हत्या में केवल नाबालिगों की भूमिका होने पर संदेह जताते हुए किसी वयस्क व्यक्ति के भी शामिल होने की आशंका व्यक्त की है।

 

मृतक की पत्नी पद्मा निर्मलकर के मुताबिक, अविनाश शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घर पर नाश्ता करने आए थे। इसके बाद वे ड्यूटी पर चले गए। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उन्होंने एक परिचित से उनके बारे में जानकारी ली। परिचित ने बताया कि अविनाश कुछ लड़कों के साथ बैठे हुए हैं। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, इसी दौरान हत्या की जानकारी मिली। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

 

**भांजे ने दो युवकों को चाकू से हमला करते देखने का किया दावा**

 

मृतक के भांजे अरमान भारद्वाज ने बताया कि वह दोपहर करीब 2 बजे मामा के घर पहुंचा था। मामी से मामा के बारे में पूछने पर पता चला कि वे हाजिरी दिलाने गए हैं। इसी बीच एक व्यक्ति ने जानकारी दी कि अविनाश मैदान के पास स्थित एक ऑफिस में हैं, जहां कुछ लड़के बैठे रहते हैं।

 

अरमान के अनुसार, जब वह बताए गए स्थान पर पहुंचा तो उसे मामा की आवाज सुनाई दी। वे किसी से कह रहे थे कि कितना बड़ा गुंडा है तू, मार चाकू मार। आवाज सुनकर वह दौड़कर मौके पर पहुंचा तो अविनाश जमीन पर पड़े थे और दो युवक उनके गले पर चाकू से वार कर रहे थे। अरमान का दावा है कि उसे देखकर दोनों आरोपी मौके से भाग गए।

 

उसने पुलिस को बताया कि उसने घटनास्थल पर दो ही लोगों को हमला करते देखा था। उसके मुताबिक, पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्ध वही युवक हैं, जिन्हें उसने वारदात के दौरान देखा था।

 

**नशा कराने को लेकर पहले हुआ था विवाद**

 

अरमान ने बताया कि दोनों संदिग्ध युवक उसी मोहल्ले के रहने वाले हैं और उसके परिचित हैं। उसने किसी पुराने विवाद की जानकारी होने से इनकार किया, लेकिन बताया कि इनमें से एक युवक ने पहले उसे नशा करवाने की कोशिश की थी। इस बात को लेकर अविनाश ने नाराजगी जताई थी और युवक से विवाद भी हुआ था। परिजनों के मुताबिक, इसी बात को लेकर पहले विवाद हुआ था। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

 

**मौके पर खून से सना लोटा और चप्पलें मिलीं**

 

घटनास्थल पर खून बिखरा हुआ मिला। इसके अलावा वहां पानी से भरा एक लोटा भी पड़ा था, जिसमें खून के निशान दिखाई दिए। मौके पर कुछ चप्पलें भी मिली हैं। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि वारदात के पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।

 

**पत्नी को बड़े आरोपी के शामिल होने का संदेह**

 

मृतक की पत्नी पद्मा निर्मलकर ने पुलिस की जांच में केवल नाबालिगों की भूमिका सामने आने पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि अविनाश के पेट पर इतने गंभीर वार किए गए थे कि उनकी आंतें तक बाहर आ गई थीं। उन्होंने आशंका जताई कि इतनी बेरहमी से हत्या को अंजाम देने में किसी वयस्क व्यक्ति की भी भूमिका हो सकती है और नाबालिगों को सामने किया जा रहा है।

 

फिलहाल पुलिस ने दो संदिग्ध नाबालिगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह, वारदात में अन्य लोगों की संभावित भूमिका और परिजनों द्वारा जताई गई आशंकाओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हत्या से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!