दुर्ग ब्रेकिंग: त्योहारों में मिठाई खाने से पहले हो जाएं सावधान! भिलाई में गंदगी के बीच बन रही थीं मिठाइयां, खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

भिलाई। दुर्ग जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई की। जांच में एक्सपायरी दूध से पनीर बनाने, गंदगी के बीच मिठाइयां तैयार करने और बिना लेबल के मिठाइयां पैक करने जैसी अनियमितताएं सामने आईं। विभाग ने करीब 2500 किलो मिठाई और 1000 लीटर दूध नष्ट कराने की कार्रवाई की। वहीं, नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन प्रतिष्ठानों में काम बंद करा दिया गया।

एक्सपायरी दूध से बनाया जा रहा था पनीर

नंदनी रोड स्थित मां दुर्गा डेयरी की जांच में पनीर और दही का निर्माण गंदी जगह पर होता मिला। पनीर बनाने में एक्सपायरी डेट वाले पैक्ड दूध का इस्तेमाल किया जा रहा था। विभागीय टीम ने पनीर, दूध और दही के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। इसके बाद नगर निगम की मदद से 1000 लीटर दूध और 80 किलो दही नष्ट कराया गया।

लड्डुओं में खाद्य रंग और स्वीटनिंग एजेंट के इस्तेमाल की आशंका

कैंप-2 स्थित गुप्ताजी लड्डू हाउस में करीब 250 किलो मैदे के लड्डू मिले। इनमें निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने वाले खाद्य रंग और स्वीटनिंग एजेंट के इस्तेमाल की आशंका जताई गई। अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने लड्डुओं को नष्ट करने की कार्रवाई की।

गंदगी के बीच बन रही थीं मिठाइयां

बैकुंठधाम, कैंप-2 स्थित मुस्कान फूड प्रोडक्ट्स में भी साफ-सफाई के मानकों का उल्लंघन पाया गया। यहां लड्डू, सोनपापड़ी, पेड़ा और बर्फी जैसी मिठाइयां गंदगी के बीच बनाई और पैक की जा रही थीं। इन मिठाइयों को बिना लेबल वाले प्लास्टिक के जार में पैक किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान करीब 200 किलो पेड़ा, 1020 किलो सोनपापड़ी, 70 किलो मसूर पाक सहित अन्य मिठाइयों को नष्ट करने की प्रक्रिया की गई। विभाग के अनुसार, तीनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई में कुल करीब 2500 किलो मिठाई और 1000 लीटर दूध नष्ट कराया गया।

बिस्किट पैकेट पर भविष्य की तारीख डालने का मामला

वैशाली नगर स्थित एक दुकान में बिस्किट के पैकेट पर नौ दिन आगे की तारीख डालकर पैकिंग करने का मामला सामने आया। विभाग ने दुकान संचालक के खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं: दीपक अग्रवाल

खाद्य सुरक्षा विभाग के आयुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में दुर्ग जिले में भी कार्रवाई की गई है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों का निर्माण साफ-सुथरे स्थान पर होना चाहिए। एक्सपायरी सामग्री का इस्तेमाल करने और खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!