दुर्ग में 24 वर्षीय युवती ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में युवक पर प्रताड़ना और धमकी देने के आरोप

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में 24 वर्षीय युवती की आत्महत्या का मामला सामने आया है। युवती ने मौत से पहले छत्तीसगढ़ी भाषा में सुसाइड नोट लिखा, जिसमें एक युवक पर मानसिक प्रताड़ना, शारीरिक संबंध बनाने और परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती ने अपने सुसाइड नोट में आरोपी को सजा दिलाने और खुद के लिए न्याय की मांग की है।

 

जानकारी के अनुसार, युवती दुर्ग के एक निजी संस्थान में काम करती थी। परिजनों का आरोप है कि संबंधित युवक पिछले करीब दो महीने से उसे परेशान कर रहा था और शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। परिजनों के मुताबिक, युवक पहले भी जेल जा चुका है।

 

घटना के दिन युवती घर में अकेली थी। ड्यूटी से लौटने पर उसके भाई ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पड़ोसी की मदद से दरवाजा खुलवाकर अंदर देखा गया, जहां युवती फंदे पर लटकी मिली। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दुर्ग सिटी कोतवाली में युवती की आत्महत्या के मामले में पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और परिजनों के बयान लेकर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। मणिशंकर चंद्रा एडिशनल एसपी, दुर्ग

सुसाइड नोट में लिखा- मरना नहीं चाहती थी युवती

 

युवती ने सुसाइड नोट में अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों से माफी मांगते हुए आरोप लगाया कि युवक ने पहले उसे भरोसे में लिया और फिर उसके साथ गलत व्यवहार किया। नोट के अनुसार, जब युवती ने युवक से बातचीत बंद कर दूरी बनाने की कोशिश की, तो वह उसे धमकाने लगा।

 

युवती ने यह भी आरोप लगाया कि युवक पुलिस में अपनी पहचान होने और जेल जाने के बाद जल्द बाहर आ जाने की बात कहकर उसे डराता था। सुसाइड नोट में भाई समेत परिवार के सदस्यों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का भी उल्लेख है। युवती ने लिखा कि वह मरना नहीं चाहती थी, लेकिन कथित प्रताड़ना से परेशान थी।

 

मोबाइल मैसेज और तस्वीरों की जांच कर रही पुलिस

 

युवती ने सुसाइड नोट में परिवार के सदस्यों से मोबाइल में मौजूद मैसेज और गैलरी में रखी तस्वीरों को देखने की बात कही है। मामले में सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सुसाइड नोट, परिजनों के बयान और मोबाइल में मौजूद डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

 

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, युवक के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!