छत्तीसगढ़ में स्कूली बच्चों को दिवाली का तोहफा, 11 नवंबर तक बंद रहेंगे स्कूल….अब 6 दिन की होगी दिवाली छुट्टी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार ने स्कूली बच्चों की दीपावली की छुट्टियां एक दिन बढ़ा दी हैं। अब प्रदेश के सभी स्कूल 10 नवंबर की जगह 11 नवंबर तक बंद रहेंगे। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने इसकी घोषणा की है।
लगातार मिल रही मांग के बाद सरकार ने यह फैसला लिया है। इससे पहले स्कूल शिक्षा विभाग ने दीपावली के अवसर पर 6 नवंबर से 10 नवंबर तक पांच दिन का अवकाश घोषित किया था। अब इसे बढ़ाकर 6 से 11 नवंबर तक कर दिया गया है। इस तरह विद्यार्थियों को दीपावली पर कुल छह दिन की छुट्टी मिलेगी।
पहले घोषित किया गया था 15 दिन का अवकाश
स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र के लिए दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश का कैलेंडर जारी किया था। इसके तहत तीनों अवसरों पर कुल 15 दिन की छुट्टियां निर्धारित की गई थीं। दीपावली की छुट्टी एक दिन बढ़ने के बाद अब कुल अवकाश 16 दिन हो जाएंगे।
छत्तीसगढ़ में स्कूलों की छुट्टियों का पूरा शेड्यूल
दशहरा अवकाश: 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक (5 दिन)
दीपावली अवकाश: 6 नवंबर से 11 नवंबर तक (6 दिन)
शीतकालीन अवकाश: 24 दिसंबर से 28 दिसंबर तक (5 दिन)

