बारिश को लेकर बड़ा अपडेट! 19 सितंबर से तेज होगी बारिश, गरज-चमक का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 19 सितंबर से प्रदेश में बारिश के वितरण और तीव्रता में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में मेघगर्जन की गतिविधियां भी बढ़ सकती हैं।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं, एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने की आशंका है।
19 सितंबर से बढ़ेगा बारिश का दायरा
मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल प्रदेश में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने की संभावना है। हालांकि, 19 सितंबर से बारिश का दायरा और इसकी तीव्रता बढ़ सकती है। अगले दो दिनों के दौरान भी कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघगर्जन और बिजली गिरने की संभावना बनी रह सकती है।
अब तक सामान्य से 5 प्रतिशत कम बारिश
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसमी बारिश फिलहाल सामान्य श्रेणी में है, लेकिन अब तक कुल बारिश में करीब 5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
दुर्ग रहा सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
तापमान की बात करें तो पिछले दिन दुर्ग में प्रदेश का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने बारिश और गरज-चमक के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से वज्रपात की संभावना वाले क्षेत्रों में खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है।

