दुर्ग ब्रेकिंग: पिकनिक मनाने गए 12 दोस्तों में मच गई चीख-पुकार, खारून नदी में बहा युवक, 16 घंटे बाद मिला शव
दुर्ग, 27 जुलाई 2026। थाना अमलेश्वर अंतर्गत ग्राम जमराव स्थित खारून नदी में डूबे युवक का शव एस.डी.आर.एफ. दुर्ग संभाग की टीम ने सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बरामद कर पुलिस को सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को शाम लगभग 5:30 बजे ग्राम जमराव स्थित खारून नदी में पिकनिक मनाने गए 12 दोस्तों में से एक युवक नहाने के दौरान नदी के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना कंट्रोल रूम दुर्ग के माध्यम से एस.डी.आर.एफ. को प्राप्त होते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और खोज अभियान प्रारंभ किया।
रात्रि होने एवं दृश्यता कम होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से रेस्क्यू अभियान अस्थायी रूप से रोक दिया गया। इसके बाद 27 जुलाई को सुबह 5:00 बजे टीम पुनः घटनास्थल पहुंची और अभियान शुरू किया। एस.डी.आर.एफ. के डीप डाइविंग एक्सपर्ट राजकुमार यादव एवं चंद्रप्रताप जंघेल ने तेज बहाव वाले पानी में गहन खोजबीन की। लगातार प्रयासों के बाद सुबह लगभग 9:05 बजे युवक का शव बरामद कर थाना अमलेश्वर पुलिस को सौंप दिया गया।
रेस्क्यू टीम का नेतृत्व प्रभारी ईश्वर खरे ने किया। अभियान में चंद्रप्रताप जंघेल, राजकुमार यादव, हबीब खान, राजू महानंद, आशीष, गोपी, थानेश्वर, चंद्रप्रकाश एवं भानुप्रताप ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मृतक की पहचान टोमेश ध्रुव (22 वर्ष), पिता चुन्नूलाल ध्रुव, निवासी देवपुरी, कमल विहार, रायपुर के रूप में हुई है।
एस.डी.आर.एफ. दुर्ग ने नागरिकों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी-नालों एवं जलाशयों में तेज बहाव के दौरान नहाने अथवा जोखिमपूर्ण गतिविधियों से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन एवं बचाव एजेंसियों को सूचना दें।

