छत्तीसगढ़ में मानसून की उल्टी गिनती शुरू! 4-5 दिन में होगी एंट्री, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अभी तक दक्षिण-पश्चिम मानसून की औपचारिक एंट्री नहीं हुई है, लेकिन मानसून पूर्व गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। गुरुवार को राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में हुई तेज बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। यदि मौसम की स्थिति इसी तरह बनी रही तो अगले 4 से 5 दिनों के भीतर मानसून छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर सकता है। संभावना है कि मानसून की एंट्री दक्षिण बस्तर क्षेत्र से होगी।
विभाग के मुताबिक शुक्रवार और शनिवार को भी रायपुर समेत कई जिलों में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश तथा कहीं-कहीं तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान लगभग 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पिछले दो-तीन दिनों से प्रदेश में दिन के समय गर्मी और उमस बनी हुई है, जबकि शाम और रात के समय कई इलाकों में बारिश हो रही है। इससे लोगों को राहत मिल रही है और मानसून के जल्द पहुंचने की उम्मीद भी बढ़ गई है।
गुरुवार रात करीब 8:15 बजे रायपुर में तेज हवा और बादलों की गर्जना के साथ लगभग आधे घंटे तक जोरदार बारिश हुई। शहर के कई इलाकों में तेज बारिश के कारण कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर में केवल बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिसे मौसम वैज्ञानिकों ने खंड वर्षा (Localized Rainfall) का प्रभाव बताया है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने तथा आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

