Bhilai Muskan Tiwari Case: मनगट्टा रिसॉर्ट में भिलाई की युवती की संदिग्ध मौत, साथ आए युवक रातों-रात फरार….हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
राजनांदगांव, 19 जून 2026। राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र स्थित मनगट्टा के विसलीइंग वुड रिसॉर्ट में भिलाई निवासी 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान भिलाई निवासी मुस्कान तिवारी (24 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह अपने कुछ साथियों के साथ रिसॉर्ट में ठहरी हुई थी। देर रात युवती बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिली।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 8 बजे रिसॉर्ट प्रबंधन को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद युवती को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले को उस समय और अधिक संदिग्ध माना गया, जब पता चला कि युवती के साथ रिसॉर्ट पहुंचे उसके सभी साथी सुबह होने से पहले ही वहां से चले गए। बिना किसी सूचना के उनके अचानक गायब हो जाने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर रिसॉर्ट कर्मचारियों सहित अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, युवती के साथ आए फरार साथियों की तलाश तेज कर दी गई है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया है और मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जारी है।

