CG BREAKING: बलौदाबाजार के खरवे गांव में 8 संदिग्ध मौतों की जांच तेज, कब्र से निकाले गए 6 शवों का दोबारा पोस्टमॉर्टम
बलौदाबाजार, 17 जून 2026। बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत खरवे गांव में पिछले तीन महीनों के दौरान हुई 8 संदिग्ध मौतों के मामले में जांच तेज कर दी गई है। प्रशासन के निर्देश पर कब्र से निकाले गए 6 शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) भेजा गया है। मृतकों के परिजन भी शवों के साथ रायपुर पहुंचे हैं, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन ने ग्रामीणों की शिकायतों और मामले को लेकर बढ़ती आशंकाओं को देखते हुए शवों का दोबारा परीक्षण कराने का निर्णय लिया है। इससे पहले एक शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा चुका है। एक मृतक का अंतिम संस्कार किए जाने के कारण उसका परीक्षण संभव नहीं हो सका।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमॉर्टम के बाद विसरा सुरक्षित रखकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल जांच एजेंसियां किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही हैं।
जानकारी के अनुसार खरवे गांव में 6 फरवरी से 14 मई 2026 के बीच आठ लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। लगातार हो रही मौतों के बाद ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की गहन जांच की मांग की थी।
ग्रामीणों ने गांव के निवासी रामसाय जायसवाल पर संदेह जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि मृतक किसी न किसी रूप में उसके संपर्क में आए थे। कुछ परिजनों ने यह भी दावा किया है कि शराब सेवन के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ी और बाद में उनकी मृत्यु हो गई।
गांव में जमीन में गड़े कथित खजाने (हंडा) और मानव बलि जैसी चर्चाएं भी सामने आई हैं। हालांकि पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन दावों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी तरह वैज्ञानिक साक्ष्यों, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक विश्लेषण के आधार पर की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौतों के पीछे जहरीले पदार्थ का सेवन, कोई आपराधिक साजिश या अन्य कोई कारण जिम्मेदार था।

