RBI में युवाओं के लिए सुनहरा मौका, 1.5 लाख रुपये मासिक स्टाइपेंड के साथ निकली भर्ती……

मुंबई/नई दिल्ली, 17 जून 2026। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने विभिन्न केंद्रीय कार्यालय विभागों में यंग प्रोफेशनल्स के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित उम्मीदवारों को प्रतिमाह 1.50 लाख रुपये का निर्धारित स्टाइपेंड दिया जाएगा।

यह भर्ती आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्वांटम टेक्नोलॉजी, साइबर सिक्योरिटी और क्लाइमेट चेंज रिस्क जैसे उभरते क्षेत्रों के लिए की जा रही है। कुल 12 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

RBI के अनुसार यह नियुक्ति पूर्णतः संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) आधारित होगी और इसे बैंक की नियमित नौकरी नहीं माना जाएगा। प्रारंभिक अनुबंध तीन वर्षों के लिए होगा, जिसे आपसी सहमति से बढ़ाया जा सकता है। हालांकि कुल अनुबंध अवधि पांच वर्ष से अधिक नहीं होगी।

आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु 6 जुलाई 2026 तक 21 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वे भारतीय नागरिक होने चाहिए। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 6 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

चयनित उम्मीदवारों को निर्धारित कार्यालय समय के अनुसार कार्य करना होगा। आवश्यकता पड़ने पर सप्ताहांत और अवकाश के दिनों में भी कार्य करना पड़ सकता है, जिसके लिए कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों को वर्ष में 15 दिनों का अवकाश प्रदान किया जाएगा।

नियुक्ति के समय उम्मीदवारों को मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पुलिस सत्यापन रिपोर्ट और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। साथ ही उन्हें गोपनीयता एवं आचार संहिता से संबंधित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।

RBI की यह भर्ती तकनीकी और शोध आधारित क्षेत्रों में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!