दुर्ग में भाजपा नेता ने मंदिर परिसर में की आत्महत्या, पेड़ पर मिला शव…..
दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत सेलूद गांव निवासी भाजपा नेता एवं पूर्व उपसरपंच तारेंद्र बंछोर (50 वर्ष) का शव सोमवार सुबह मंदिर परिसर में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही उतई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तारेंद्र बंछोर भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे और पूर्व में उपसरपंच के पद पर भी रह चुके थे। बताया जाता है कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान बाजार चौक स्थित चारबांधा तालाब के पास मंदिर का निर्माण कराया था तथा परिसर में चंपा का पेड़ भी लगवाया था। उसी पेड़ पर उनका शव फंदे से लटका हुआ मिला।
सुबह ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में शव देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिनों पहले उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर वे घर लौट आए थे। हालांकि, इस घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है और घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है।
उतई पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों से पूछताछ कर विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

