CG BREAKING: मां मुझे माफ कर देना…” आखिरी वीडियो पोस्ट कर ट्रक ड्राइवर ने लगा ली फांसी, हादसे के बाद लगाए गंभीर आरोप
दंतेवाड़ा। जिले के गीदम थाना क्षेत्र में एक ट्रक चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान महासमुंद निवासी 25 वर्षीय ताम्रध्वज साहू के रूप में हुई है, जो रायपुर के एक ट्रांसपोर्टर के लिए ट्रक चलाता था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को ताम्रध्वज जगदलपुर से सामान लेकर गीदम की ओर जा रहा था। इसी दौरान बंजारी घाट के पास उसकी ट्रक की एक मर्सिडीज कार से टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद ताम्रध्वज ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो पोस्ट किए, जिनमें उसने दुर्घटना के संबंध में अपना पक्ष रखा और आरोप लगाया कि हादसे के बाद उसके साथ मारपीट की गई तथा उसे और उसके परिवार को धमकियां दी गईं। इन आरोपों की फिलहाल जांच की जा रही है और उनकी स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
वीडियो सामने आने के बाद ट्रक मालिक ने पुलिस को सूचना दी कि चालक की जान को खतरा हो सकता है। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश शुरू की। गीदम थाना क्षेत्र के बंजारी घाट के पास पुलिस को उसका शव बरामद हुआ।
मामले की जांच कर रहे एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान ने बताया कि सूचना मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो, दुर्घटना स्थल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में शामिल मर्सिडीज वाहन बीजापुर जिले के एक व्यक्ति से संबंधित बताया जा रहा है। वाहन के स्वामित्व और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा दी है।

