सरकारी दफ्तर भी नहीं सुरक्षित….दुर्ग कलेक्टर परिसर में चोरी…..लोक सेवा केंद्र से कैश पार

डिजिटल डेस्क | दुर्ग। जिले के कलेक्टर परिसर में शुक्रवार देर रात चोरी की वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। कलेक्टर और एसपी कार्यालय के ठीक पीछे स्थित लोक सेवा केंद्र को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोर करीब 6 से 7 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि केंद्र में रखा अन्य महत्वपूर्ण सामान सुरक्षित मिला है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोर पहले लोक सेवा केंद्र का मुख्य ताला तोड़ने की कोशिश करते रहे, लेकिन जब इसमें सफलता नहीं मिली तो उन्होंने दरवाजे की कुंडी उखाड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर पहुंचने के बाद उन्होंने सीधे नकदी रखे स्थान को निशाना बनाया और वहां मौजूद चिल्लर व नगद रकम लेकर फरार हो गए। अन्य दस्तावेजों और उपकरणों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाया गया।

बताया जा रहा है कि लोक सेवा केंद्र में दैनिक लेन-देन के लिए कुछ नकदी रखी जाती थी, जिसे चोर अपने साथ ले गए।

लोक सेवा केंद्र में वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने पास स्थित पेंशन शाखा में भी चोरी का प्रयास किया। जानकारी के मुताबिक, ज्वाइंट डायरेक्टर के केबिन में घुसकर नकदी की तलाश में सामान को इधर-उधर बिखेर दिया गया। हालांकि शुरुआती जांच में वहां से किसी भी नकदी या महत्वपूर्ण सामग्री की चोरी की पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों का उद्देश्य केवल नकदी चोरी करना था। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि वारदात नशे के आदी या पैसों की तलाश में घूम रहे लोगों द्वारा की गई हो सकती है।

मामले का एक अहम पहलू यह भी सामने आया है कि जिस परिसर में कई महत्वपूर्ण शासकीय कार्यालय संचालित होते हैं, वहां संबंधित स्थान पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में पुलिस आसपास के इलाकों में लगे कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!