Gold Silver Price Crash Today:: सोना हुआ सस्ता, चांदी भी लुढ़की! अचानक गिरावट से बाजार में मचा हड़कंप
नई दिल्ली, 8 जून। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिला। मजबूत अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और ब्याज दरों को लेकर बदले अनुमानों के कारण डॉलर और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में मजबूती आई है, जिसका असर सोना-चांदी की कीमतों पर पड़ा है।

एमसीएक्स (MCX) पर सोने की कीमत में करीब 1,600 रुपये की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद सोना 1,53,933 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं चांदी की कीमत में लगभग 5,000 रुपये की गिरावट आई और इसका भाव 2,43,379 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे हैं। कॉमेक्स (COMEX) गोल्ड फ्यूचर्स 30.80 डॉलर यानी 0.71 प्रतिशत गिरकर 4,334.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं कॉमेक्स सिल्वर 2.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 67.39 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखाई दिया।
विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले सप्ताह भी सोने की कीमतों में लगभग 5 प्रतिशत और चांदी में करीब 9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी। अमेरिकी अर्थव्यवस्था से जुड़े मजबूत आंकड़ों के बाद निवेशकों ने ब्याज दरों को लेकर अपने अनुमान बदले हैं, जिससे सोना-चांदी जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों पर दबाव बना हुआ है।
बाजार की नजर अब आने वाले आर्थिक आंकड़ों और प्रमुख केंद्रीय बैंकों के फैसलों पर टिकी हुई है, जो आगे की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

