शर्मनाक!…..दुर्ग में 499 रुपए में “फेक शादी” का खेल, दूल्हा-दुल्हन बनकर पार्टी करने वाले थे कपल्स, दुर्ग में फूटा लोगों का गुस्सा

दुर्ग। जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र स्थित कोसी एयरो क्लब एंड रिसोर्ट में 30 मई को प्रस्तावित “फेक मैरिज पार्टी” को लेकर विवाद गहरा गया है। आयोजन की जानकारी सामने आने के बाद आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने देर रात रिसोर्ट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं भिलाई नगर हिंदू युवा मंच ने भी मामले को लेकर चौकी का घेराव कर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

ग्रामीणों का आरोप है कि शादी जैसे पवित्र हिंदू संस्कार को मनोरंजन और थीम पार्टी के रूप में प्रस्तुत कर धार्मिक भावनाओं को आहत किया जा रहा है। विरोध कर रहे लोगों ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में गलत संदेश देते हैं और भारतीय संस्कृति का मजाक उड़ाने जैसा है।

मामले की सूचना मिलते ही जेवरा सिरसा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों और रिसोर्ट प्रबंधन के बीच तीखी बहस भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पुलिस ने समझाइश देकर हालात को नियंत्रित किया।

पुलिस के अनुसार, आयोजन को लेकर कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए कोसी रिसोर्ट के मैनेजर ब्रह्म दत्त पांडे के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। उन्हें एसडीएम न्यायालय में भी पेश किया गया।

जानकारी के मुताबिक, धमधा रोड स्थित रिसोर्ट में 30 मई की रात “फेक मैरिज पार्टी” आयोजित की जानी थी, जिसमें केवल कपल एंट्री रखी गई थी। आयोजन के लिए 499 रुपए एंट्री फीस तय की गई थी और प्रतिभागियों को दूल्हा-दुल्हन की ड्रेस थीम में आने के निर्देश दिए गए थे। कार्यक्रम में डीजे नाइट और अन्य मनोरंजन गतिविधियों की भी तैयारी थी।

हालांकि विवाद बढ़ने के बाद रिसोर्ट प्रबंधन ने भी आयोजन को फिलहाल स्थगित करने की घोषणा कर दी है। प्रबंधन ने इसकी वजह तेज गर्मी और मौसम संबंधी परिस्थितियों को बताया है।

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने कहा कि यदि किसी आयोजन से सामाजिक या धार्मिक विवाद की स्थिति बनने की आशंका होती है, तो प्रशासन कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई करेगा। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और पुलिस निगरानी बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!