Raipur Crime News रायपुर में खौफनाक वारदात: नशे में बाउंसर जीजा की फायरिंग से साली की मौत….मची अफरा-तफरी..जानें क्या है पूरा मामला

डिजिटल डेस्क | दुर्ग/रायपुर। मोवा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां नशे में धुत एक बाउंसर ने अपनी ससुराल पहुंचकर लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। इस घटना में एक युवती की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी जीतेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू (32) अपनी पत्नी पर शक करता था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मंगलवार को भी विवाद के बाद पत्नी अपने बच्चे को लेकर मायके चली गई थी। पत्नी से संपर्क न हो पाने पर आरोपी नशे की हालत में रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच मोवा बाजार स्थित ससुराल पहुंच गया और बच्चे से मिलने की जिद करने लगा।

इस दौरान उसकी सालियां गीतांजलि वर्मा (26) और दुर्गेश्वरी वर्मा (24) उसे समझाकर वापस जाने के लिए कहने लगीं। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से गीतांजलि वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुर्गेश्वरी वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गई।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गीतांजलि को मृत घोषित कर दिया, जबकि दुर्गेश्वरी का उपचार जारी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार नहीं हुआ, बल्कि सड़क पर हवाई फायरिंग करते हुए थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पिस्टल बरामद कर ली है।

पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर के अनुसार यह घटना घरेलू विवाद के चलते हुई है। मामले में विस्तृत जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!