खतरनाक हादसा: भिलाई स्टील प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस-8 में धमाका और भीषण आग
दुर्ग। भिलाई स्थित भारत के सबसे बड़े स्टील प्लांट, भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) में शुक्रवार को बड़ा हादसा हुआ। ब्लास्ट फर्नेस-8 में वेस्ट कैचर अचानक फटने से जोरदार धमाके के साथ आग लग गई। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही बीएसपी प्रबंधन सक्रिय हुआ और दमकल दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि ब्लास्ट फर्नेस-8 से प्रतिदिन लगभग 9,000 टन इस्पात का उत्पादन होता है। आगजनी से उत्पादन पर असर पड़ा है। फिलहाल इस्पात प्रबंधन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत उत्पादन जारी रखने की कोशिश शुरू कर दी है।
बीएसपी प्रबंधन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

