दुर्ग ब्रेकिंग: शिवनाथ नदी के एनीकट में मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

डिजिटल डेस्क:दुर्ग। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार सुबह मोहलाई स्थित शिवनाथ नदी के एनीकट के पास पानी में एक युवक का शव तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया।

कोतवाली थाना प्रभारी नवीन सिंह राजपूत ने बताया कि मृतक की पहचान निखिल यादव के रूप में हुई है, जो मोहन नगर थाना क्षेत्र के शंकर नगर का निवासी था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों एवं परिचितों से पूछताछ कर उसकी गतिविधियों और घटनाक्रम से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!