रायपुर में शर्मनाक हरकत: महिला अधिकारी को अश्लील कॉल, न्यूड फोटो भेजकर किया परेशान, पुलिस ने दर्ज किया केस
डिजिटल डेस्क |रायपुर: छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड की एक महिला अधिकारी के साथ फोन और व्हाट्सऐप के माध्यम से अभद्रता और अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। प्रकरण टिकरापारा थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार 30 अप्रैल की सुबह एक अज्ञात नंबर से कॉल प्राप्त हुआ। कॉल करने वाले व्यक्ति ने आपत्तिजनक बातें करते हुए निजी जीवन से जुड़े सवाल पूछे और अनुचित संबंध बनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपी द्वारा गाली-गलौज की गई।
इसके पश्चात 4 मई को पुनः उसी नंबर से कॉल एवं व्हाट्सऐप संदेश प्राप्त हुए, जिनमें आरोपी द्वारा आपत्तिजनक तस्वीरें भेजकर मानसिक रूप से परेशान किया गया।
इस घटना के कारण पीड़िता मानसिक तनाव से गुजर रही हैं। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुसार पीड़िता की शिकायत पर अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। संबंधित मोबाइल नंबर के आधार पर जांच की जा रही है तथा साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने आश्वस्त किया है कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

